मैनपुरी- बेवर। कुसमरा मार्ग पर सुबह एक ट्राला अनियंत्रित होकर एक मकान में जा घुसा। टक्कर से मकान की बाहरी दीवार और मेन गेट टूट गया। घर के सभी लोग भाग कर बाहर निकल आए। हादसे में सभी बाल बाल बच गए। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव नगला केहरी निवासी सतेंद्र कुमार परिवार के साथ घर में सो रहे थे। सुबह करीब चार बजे अचानक तेज धमाके की आवाज सुनकर परिजन जाग गए। बाहर दीवार गिरने की आवाज सुनकर परिवार के सभी लोग बाहर की दौड़ गए।
बाहर जाकर देखा तो एक ट्राला मकान में घुसा हुआ था। टक्कर से मकान की बाहरी दीवार और मेन गेट टूट गया था। मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। सतेंद्र ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्राला चालक को हिरासत में ले लिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे में परिजन बाल बाल बच गए। समाचार लिखे जाने तक घटना के संबंध में मामला दर्ज नहीं हो सका था।