आगरा। थाना सदर के नगला प्यारे में सोमवार दोपहर को ठेल हटाने को लेकर दुकान मालिक और ठेल विक्रेता के बीच विवाद हो गया। दोनों में कहासुनी हो गई। इस दौरान ठेल विक्रेता की मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस पहुंच गई। मृतक के परिवारीजनों ने मारपीट का आरोप लगाते हुए दुकान मालिक के खिलाफ तहरीर दी है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
नगला प्यारे, सोहल्ला निवासी भोगीराम (65) मोहल्ले में ही सब्जी की ठेल लगाता था। सोमवार दोपहर को 1.30 बजे ठेल लगाने को लेकर उसका एक दुकानदार से विवाद हो गया। दुकानदार के बेटे ने भोगीराम से गालीगलौज कर दी। ठेल पलटने की धमकी दी। तब तो किसी तरह मामला शांत हो गया। कुछ देर बाद दुकानदार भी आ गया।
आरोप है कि दुकानदार ने भोगीराम के साथ मारपीट कर दी। इससे भोगीराम की हालत बिगड़ गई। परिवारीजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। घटना की जानकारी पर थाना सदर पुलिस पहुंच गई। सीओ सदर राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया भोगीराम की मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका है। परिवारीजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। मगर, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट का इंतजार है।