कासगंज। पटियाली के दरियावगंज के निकट कार की टक्कर से बाइक पर सवार एक बालककी मौत हो गई। हादसे में उसकी मां और चचेरा भाई घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया हैै। वहीं बालक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
एटा के जैथरा के नगला निरू निवासी दुरबीन सिंह की पत्नी रीता अपने पुत्र अर्पित (10) एवं भतीजे ब्रजेश पुत्र नवाब सिंह के साथ बाइक पर माता के दर्शन के लिए जा रही थी। बाइक उनका भतीजा चला रहा था। जब वे दरियावगंज के निकट पहुंचे तभी कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक गाड़ी को छोड़कर भाग गया। हादसे के बाद काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने अर्पित की हालत गंभीर देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया।
जब परिजन उसको लेकर अलीगढ़ जा रहे थे तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजन उसके शव को लेकर वापस लौट आए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कार को भी कब्जे में ले लिया है।