कासगंज। केए पीजी कॉलेज का 26वां दीक्षांत समारोह महाविद्यालय के विशंभर दयाल विंदल सभागार में आयोजित किया गया। वर्ष 2019-20 में अपनी डिग्री पूर्ण करने पर 49 पदक बांटे गए। इसमें से 65.30 फीसदी पदकों पर बेटियों ने कब्जा कर लिया। बेटियों के हिस्से में 32 पदक और बेटों के हिस्सों में 17 पदक आए। 360 छात्र छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की गई।
मुख्य अतिथि महेश कुमार, कुलसचिव, राजा महेंद्र सिंह राज्य विश्वविद्यालय, अलीगढ़, दीक्षांत वक्ता प्रोफेसर महावीर अग्रवाल, प्रति कुलपति, महर्षि पतंजलि विश्वविद्यालय हरिद्वार, विनय कुमार जैन, मंत्री, प्रबंध कारिणी समिति, सुभाष माहेश्वरी, अध्यक्ष, प्रबंध कारिणी समिति को डॉ. केके सिंह एनसीसी ऑफिसर के नेतृत्व में एनसीसी के छात्र और छात्राओं ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
इसके बाद शैक्षिक शोभायात्रा का आयोजन हुआ। एनसीसी, एनएसएस और रोवर्स, रेंजर्स के छात्र और छात्राओं ने पुष्प वर्षा कर अतिथियों का स्वागत किया। शैक्षिक शोभायात्रा के दौरान सूरज प्रसाद डागा सरस्वती विद्या मंदिर कासगंज के छात्रों ने कॉलेज बैंड घोष के साथ सबसे आगे रहे। अतिथियों के सभागार में प्रवेश करते हुए मंच से स्वस्तिवाचन मंत्रों का पाठ गुरुकुल यज्ञ तीर्थ एटा के ब्रह्मचारीयों द्वारा किया गया। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन किया। गुरुकुल के ब्रह्मचारीयों द्वारा सस्वर संस्कृत में मंत्र पाठ किया गया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गान प्रस्तुत किया। तत्पश्चात राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम प्रस्तुत किया गया। प्राचार्य प्रो. अशोक कुमार रुस्तगी ने उपाधि धारकों को दीक्षा उपदेश दिया। स्नातकोत्तर संकाय से पूर्व प्राचार्य डॉ. वीके तोमर और स्नातक संकाय से वाणिज्य विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. आदर्श मोहन राठी, कला संकाय की अधिष्ठाता डॉ. अंजना वशिष्ठ, विज्ञान संकाय से डॉ. नरेश चंद्र भारद्वाज, एकेडमी से डॉ. केसी वर्मा ने उपाधि के लिए अपने छात्रों को प्रस्तुत किया। इसके बाद गोल्ड मैडल, सिल्वर मैडल एवं डिग्रियों का वितरण किया गया। इस दौरान संतोष माहेश्वरी, मुकुल मान सिंह, राकेश माहेश्वरी, मनवीर सिंह, यश जैन, डॉ. राहुल मोहन, डॉ. रजत, डॉ. ज्ञान प्रकाश गुप्ता, एमएस चंद्रवरिया, नरेश भारद्वाज, डॉ. एपी गुप्ता, डॉ. मिथलेश कुमारी, डॉ. पवन दुबे, डॉ. उमेश कुमार, डॉ. अनुपम पाठक, डॉ. वीके गुप्ता, डॉ. प्रवीन जादौन आदि मौजूद रहे।