आग लगने के बाद पेट्रोल पंप के पास कार
- फोटो : अमर उजाला
एटा कोतवाली देहात रेलवे पुल कासगंज रोड स्थित एस्सार पेट्रोल पंप के पास रविवार की सुबह करीब तीन बजे कार विद्युत पोल से टकराने के बाद धू-धू कर जलने लगी। पास में पंप होने के चलते बड़ा हादसा होने से टल गया। कार सवार युवती सहित छह लोग घायल हो गए। तीन घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
अलीगढ़ से शॉपिंग करके लौट रहे कार सवार दुर्गेश पुत्र सुरेश चंद्र सैनी निवासी पिवारा थाना कंपिल जिला फर्रूखाबाद, विपिन कुमार पुत्र किशन किशन सैनी निवासी चिलौला थाना कायमगंज, करन सैनी पुत्र दिलीप व रंजीत पुत्र महेशचंद्र निसासी घसिया चिलौली थाना कायमगंज, हर्ष सैनी पुत्र रवी कुमार (14) निवासी आगरा रोड संकट बिहार कॉलोनी गली नंबर एक अलीगढ़ और पूजा सैनी पुत्री रामू सैनी निवासी संजय गांधी कालोनी क्वार्सी गेट अलीगढ़ घायल हो गए।
तेज आवाज के साथ हुए हादसे से पंप पर कार्यरत कर्मचारियों की नींद खुल गई। आग लगने के बाद कर्मचारियों ने शीशे तोड़कर किसी तरह से कार सवारों को निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को खबर दी। दमकल की गाड़ी पहुंचने के बाद किसी तरह से आग पर काबू पाया जा सका। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों के परिजनों को हादसे की खबर दी गई। हालत नाजुक होने के चलते युवती पूजा, दुर्गेश और करन को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।