कासगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा में बालिका विद्यालयों को वरीयता से परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा। बशर्ते विद्यालय परीक्षा केंद्र बनने का मानक रखते हो। बालिकाओं को स्वकेंद्र की सुविधा दी जाएगी या अधिकतम पांच किमी के दायरे में बालिकाओं के लिए केंद्र का आवंटन किया जाएगा। सूचनाएं अपलोड करने के लिए शनिवार को अंतिम मौका है।
वर्ष 2022 की बोर्ड परीक्षा में केंद्र निर्धारण के लिए राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं वित्त विहीन माध्यमिक विद्यालयों में सर्वाधिक बालिकाओं वाले विद्यालयों को वरीयता के आधार पर परीक्षा केंद्र निर्धारित किया जाएगा। वित्त विहीन विद्यालयों में सबसे पहले उच्च गुणांक वाले विद्यालय को प्राथमिकता मिलेगी। दोनों पालियों में न्यूनतम 250 तथा अधिकतम 1200 परीक्षार्थी आवंटित होंगे। बालिका विद्यालयों में बालकों के केंद्र आवंटित नहीं किए जाएंगे।
मेरिट सूची के लिए गुणांक निर्धारित
कासगंज। परीक्षा केंद्र निर्धारण के लिए विद्यालयों का गुणांक निर्धारित कर दिया गया है। विद्यालयों की प्रमाणित आधारभूत सूचनाओं के आधार पर मेरिट तैयार होगी। इंटरमीडिएट स्तर के विद्यालय को 20 अंक तथा हाईस्कूल स्तर के विद्यालय को 10 अंक मिलेंगे। राजकीय माध्यमिक विद्यालय को 50 तथा अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय को 30 एवं वित्त विहीन विद्यालय को 10 अंक निर्धारित किए गए हैं। विद्यालय में परीक्षा संचालन के लिए उपलब्ध प्रत्येक कक्ष का एक अंक मिलेगा। सीसीटीवी की निगरानी में अध्ययन कार्य के लिए 10 अंक, 2020 में परीक्षा केंद्र बनने पर 20 अंक तथा 2020 की परीक्षा में हाईस्कूल व इंटर का परीक्षाफल 90 प्रतिशत से अधिक होने पर 10-10 अंक दिए जाएंगे।
साफ्टवेयर से होगा केंद्र का निर्धारण
बोर्ड परीक्षा के केंद्र का निर्धारण करने के लिए ऑन लाइन प्रकिया अपनाई जाएगी। परीक्षा की सुचिता व गुणवत्ता बनाए रखने के लिए साफ्टवेयर का प्रयोग किया जाएगा। विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं को अपलोड करने का कार्य तेजी से चल रहा है। शनिवार तक कार्य पूरा होना है- एसपी सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक