कासगंज/सोरोंजी। गौतमबुद्ध नगर के जेवर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का शिलान्यास होने से जिले के लोग काफी उत्साहित हैं। कारोबारियों का मानना है कि भविष्य में व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी। कारोबारी भाजपा सरकार के इस कदम की सराहना कर रहे हैं। यूपी का यह पहला बड़ा एयरपोर्ट होगा जहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ाने संचालित होंगी। जिले की सीमा से तीन घंटे का सफर तय कर एयरपोर्ट पर पहुंचा जा सकेगा। यूपी के उत्पाद हवाई मार्ग से विदेशों के बाजार तक पहुंचेगे।
ये बोले कारोबारी
सभी को लाभ मिलेगा
यह बड़ी उपलब्धि है। वर्ष 2024 तक इस एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ाने शुरू होंगी। जिसका लाभ लोगों को मिलेगा। छोटे नगरों के लोग भी आसानी से कारोबारी गतिविधियों को आगे बढ़ा पाएंगे। -राजीव माहेश्वरी, भाजयुमो नेता
व्यापार बढ़ाने में मिलेगी मदद
जिले में जरी और जरदौजी के उत्पाद बनाए जाते हैं। यह एक जनपद एक उत्पाद योजना में शामिल है। जेवर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाए जाने का शिलान्यास एक बड़ी उपलब्धि है। इससे व्यापार बढ़ाने का अवसर मिलेगा। -गोपाल माहेश्वरी, उद्यमी
समय भी बचेगा
अभी तक लोगों को दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक जाना पड़ता था, जिससे काफी समय लगता था। जेवर एयरपोर्ट का लाभ कारोबारियों को मिलेगा। कारगो सेवा के माध्यम से जिले के उत्पाद विदेशों में पहुंच सकेंगे। -विशोक अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष, व्यापार मंडल, सोरोंजी
मिलेगा बड़ा बाजार
प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा जेवर में बन रहा है। लोग अब अपने व्यापार को विदेशों तक पहुंचा सकेंगे। जिले में तमाम ऐसे उत्पाद हैं जिन्हें बड़ा बाजार मिल नहीं पाता। कासगंज से जेवर जाना आसान रहेगा। -सुनील कुमार इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी, सोरोंजी