आगरा में सावन के दूसरे सोमवार, 10 अगस्त को बल्केश्वर महादेव मंदिर पर भव्य मेले का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोया-पाया केंद्र, चिकित्सा शिविर और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे।
आगरा में सावन के दूसरे सोमवार (10 अगस्त) को बल्केश्वर महादेव मंदिर पर मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले का शुभारंभ 9 अगस्त की शाम को बल्केश्वर चौराहे पर धार्मिक रीति-रिवाज के साथ होगा। सोमवार को वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में श्री बल्केश्वर महादेव मेला समिति के पदाधिकारियों ने मेले का पोस्टर जारी किया।
मुख्य संरक्षक पूर्व पार्षद डॉ. कुंदनिका शर्मा व ताराचंद मित्तल ने बताया कि यह मेला आगरा की धार्मिक परंपरा का प्रतीक है, जिसमें लाखों श्रद्धालु व कांवड़िए बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं। मेला संयोजक पार्षद मुरारी लाल गोयल ने बताया कि भक्तों की सुविधा के लिए बल्केश्वर मंदिर से वाटरवर्क्स चौराहे तक खोया-पाया केंद्र और 24 घंटे चलने वाला प्राथमिक चिकित्सा केंद्र स्थापित किया जाएगा।
अध्यक्ष महेश निषाद व कार्यकारी अध्यक्ष कुलदीप वाल्मीकि ने बताया कि पूरे परिक्रमा मार्ग पर पेयजल व भंडारे की व्यवस्था रहेगी। सुरक्षा के मद्देनजर 100 से 150 स्वयंसेवक पुलिस प्रशासन के सहयोगी के रूप में तैनात रहेंगे। यमुना तट पर जलस्तर बढ़ने की स्थिति को देखते हुए बैरिकेडिंग की जाएगी और स्नान के लिए तट से पहले ट्यूबवेल की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा बायो टॉयलेट, महिला पुलिस और गोताखोर भी मुस्तैद रहेंगे।
पदाधिकारी अनुरंजन सिंघल व द्वारिका नाथ गुंबर ने बताया कि जल्द ही समिति का एक प्रतिनिधिमंडल प्रशासन से मिलकर सफाई, पैच वर्क, निर्बाध बिजली और सुरक्षा व्यवस्था सुचारू करने की मांग करेगा। इस दौरान रमन अग्रवाल, संजय श्रीवास्तव, ममता सिंघल, निखिल गोयल, इंदर डाबर, मनमोहन चावला, पंडित विष्णु शर्मा, बंगाली मल अग्रवाल आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।