ताजनगरी की हवा में मंगलवार को कार्बन मोनोऑक्साइड की मात्रा सामान्य से 28 गुना ज्यादा रही। हवा में धूल कणों की मात्रा 5 गुने से ज्यादा रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा मंगलवार को जारी की गई सूची में आगरा का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 257 रहा।
मंगलवार को आगरा देश का 12वां प्रदूषित शहर रहा। जबकि सोमवार को यह 11वां प्रदूषित शहर था। बल्लभगढ़ देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा जहां एक्यूआई 327 दर्ज किया गया। देश के सबसे प्रदूषित 10 शहरों की सूची में 7 शहर हरियाणा के और तीन उत्तर प्रदेश के हैं।
कचरे में आग लगाने से बिगड़ी हवा
डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन ना हो पाने के कारण शहर के नालों में कचरा फेंका जा रहा है। इस कचरे को नालों से निकालने की जगह अब आग लगाकर निस्तारित किया जा रहा है। सोमवार के बाद लगातार मंगलवार को भी सुबह दयालबाग क्षेत्र के वीरनगर में नाले में भरे कचरे को आग लगा दी गई, जिससे जहरीला धुआं पूरे क्षेत्र में भर गया।