टीकाकरण केंद्र पर वैक्सीन लगवाती युवती
- फोटो : अमर उजाला
ताजनगरी में बुधवार को दो नए संक्रमित और मिलने से अब सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। पिछले 24 घंटे में 7153 लोगों की कोरोना जांच की गई है। जिनमें दो नए मरीज मिले हैं। जबकि इस दौरान एक मरीज ठीक भी हुआ है।
जिला प्रशासन के मुताबिक बुधवार को जिले में कोरोना जांचों का आंकड़ा 15 लाख पार कर गया। अब तक 1502904 लोगों की जांच हो चुकी है। जिनमें 25739 मरीज मिल चुके हैं। कुल 25276 मरीज ठीक हो चुके हैं। जबकि 458 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। दूसरी तरफ शहर में लोग बिना मास्क घर से बाहर घूमने लगे हैं। सार्वजनिक स्थलों पर दो गज की दूरी का पालन नहीं हो रहा। उधर, पुलिस व प्रशासन द्वारा कोविड नियमों का पालन नहीं करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई भी ठंडे बस्ते में पड़ी है।
बाह में बढे़ बुखार के मरीज
बाह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इन दिनों बुखार और खांसी-जुकाम के मरीज बढ़ गए हैं। बुधवार को अस्पताल पहुंचे 386 मरीजों की कोरोना की जांच कराई गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. जितेंद्र वर्मा ने बताया कि एंटीजन टेस्ट में कोई पॉजीटिव नहीं निकला। वहीं अस्पताल में बुधवार को 307 लोगों को टीके लगाए गए।
65 बूथों पर 12 हजार को लगा टीका
आगरा शहर में बुधवार को 65 बूथों पर टीकाकरण हुआ, जिसमें 12 हजार लोगों को टीका लगा है। जिला टीकाकरण प्रभारी डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि इसमें 10 हजार को पहला और दो हजार को दूसरा डोज लगा है। 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को मौके पर ही पंजीकरण कराते हुए टीका लगाया गया है। दूसरी ओर कांशीराम आवास योजना परिसर में शिविर लगाकर 124 लोगों को टीका लगाया गया है। शिविर संयोजक सामाजिक कार्यकर्ता नरेश पारस ने बताया कि इनके एंड्रोयड फोन न होने के कारण पंजीकरण नहीं करा पा रहे थे। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की मदद से शिविर लगाकर जागरूक करते हुए टीका लगवाया गया।
सूरज के तल्ख तेवर: प्रदेश में सबसे गर्म रहा आगरा, पारे के साथ प्रदूषण भी बढ़ा, रक्षाबंधन पर बारिश के आसार