आगरा। गुजरात पुलिस के जूतों के टेंडर से आगरा की छोटी जूता कंपनियों को बाहर कर दिया गया है, जिससे बूट निर्माताओं को बड़ा झटका लगा है। कुछ दिन पूर्व सीआईएसएफ दिल्ली के टेंडर में शामिल होने के लिए 25 करोड़ रुपये टर्न ओवर की शर्त से कंपनियां बाहर हो गई थीं।
बूट मैन्यूफैक्चरर एसोसिएशन आगरा के अध्यक्ष सुनील गुप्ता व सचिव अनिल महाजन ने बताया कि तीन माह पहले गुजरात पुलिस के जूतों के टेंडर में आगरा की फर्में शामिल हुई थीं। उन्होंने टेंडर की शर्तों को क्वालीफाई भी कर लिया, लेकिन भ्रष्टाचार के चलते जो शर्तें पहले टेंडर में नहीं थी, उन्हें लगा दिया गया। टेंडर की शर्तों को अपनी मनमानी से ओवर रूल कर दिया गया। पहले 40 प्रतिशत सप्लाई आर्डर मांगे गए, जिन्हें पूरा कर दिया गया। फिर प्लांट मशीनरी के बिल मांगे गए, वह भी दिखा दिए गए। इसके बाद एफडीडीआई से प्लांट एंड मशीनरी के निरीक्षण की शर्त लगा दी गई। जबकि एफडीडीआई जूते की गुणवत्ता का निरीक्षण करने वाली संस्था है। ब्यूरो