आगरा में कोरोना वायरस के बढ़ते मरीजों को देखते हुए सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एसएन मेडिकल कॉलेज) में 20 बेड के आईसीयू की व्यवस्था की गई है। कॉलेज के स्त्री रोग विभाग की इमारत में 14 बेड का आईसीयू बनाया गया है।
इसमें वेंटिलेटर, जीवन रक्षक उपकरण, ऑक्सीजन समेत पूरी व्यवस्था की गई है। यह पूरी तरह से आइसोलेट भी है। यहां सामान्य मरीजों के आने पर रोक लगा दी है। संबंधित स्टाफ ही यहां आ-जा सकता है। छह बेड का आईसीयू इमरजेंसी के ट्रॉमा सेंटर में है।
इसके अलावा 14 बेड का आईसीयू आठ मंजिला इमारत में और तीन बेड का आईसीयू बाल रोग विभाग में है। इस तरह से अभी तक एसएन मेडिकल कॉलेज में 37 बेड के आइसीयू की व्यवस्था है।
प्राचार्य डॉ. जीके अनेजा ने बताया कि कोरोना वायरस से घबराएं नहीं बेवजह घरों से बाहर न निकलें और एक से डेढ़ मीटर की दूरी का ख्याल रखें। एसएन मेडिकल कॉलेज में शासन के निर्देश पर 20 बेड का आईसीयू अलग से बनाया गया है।