फिरोजाबाद में कोरोना का टीका लगवाते युवा
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से सुरक्षा देने के लिए फिरोजाबाद में 15 से 18 वर्ष की आयु के किशारों के टीकाकरण की शुरुआत हो चुकी है। सोमवार को मेडिकल कॉलेज सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर टीकाकरण किया गया। अभिभावक अपने बच्चों को टीकाकरण कराने के लिए साथ पहुंचे। इधर, कई किशोर और किशोरियां स्कूल से अवकाश होने के बाद सीधे अस्पताल में टीकाकरण कराने पहुंचे। पहले दिन टीकाकरण कराने के लिए किशारों में अपार उत्साह नजर आया।
कोविड की तीसरी संभावित लहर की शुरुआत सुहागनगरी में भी हो चुकी है। 45 वर्ष की आयु का टीकाकरण चल रहा है। अब किशोरों का टीकाकरण शुरू हुआ है। अभिभावक अपने बच्चों के टीकाकरण कराने का इंतजार कर रहे हैं। सोमवार को अस्पताल पहुंचे अभिभावकों में टीकाकरण को लेकर उत्साह नजर आया। मेडिकल कॉलेज में 15 से 18 वर्ष के लोगों के टीकाकरण किया गया। टीकाकरण कराने के बाद किशोरों ने अपने फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किए। साथ ही अन्य लोगों से टीकाकरण कराने की अपील की। 28 दिन बाद दूसरी खुराक इन किशोरों के लगाई जाएगी। सीएमओ डॉ. दिनेश प्रेमी और अन्य नोडल अधिकारी ने टीकाकरण केंद्रों का निरीक्षण किया।
टीकाकरण कराने के बाद बोले
- विभव नगर निवासी कीर्ति चतुर्वेदी ने बताया कि कोरोना की तीसरी लहर के लिए सरकार जागरूक कर रही है। हमारी नैतिक जिम्मेदारी है कि कोरोना से जंग में अपना सहयोग करें। मैं टीकाकरण कराने के बाद कोविड से सुरक्षित महसूस कर रही हूं। हालांकि मैं पूरी सर्तकता बरतूंगी।
- गुंजन कॉलोनी निवासी दीपांश जैन ने बताया कि कोरोना से सुरक्षा के लिए पहले ही दिन टीकाकरण कराया। जब से तीसरी लहर आने का खतरा बताया जा रहा था, तभी से मैं वैक्सीन का इंतजार कर रहा था।
- गुंजन कॉलोनी निवासी कविश ने बताया कि टीकाकरण कराने के बाद मुझे किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हुई। दूसरी डोज भी समय से लगवाऊंगा।
- श्रीराम कॉलोनी निवासी आदित्य सारस्वत ने बताया कि युवाओं का कोरोना से सुरक्षा के लिए टीकाकरण कराने का मौका मिला है ता क्यों हम सहयोग न करें।