कासगंज। टीईटी रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच हुई। परीक्षा में 9864 परीक्षार्थी शामिल हुए। वहीं 746 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सचल दल और अधिकारी परीक्षा पर नजर बनाए रहे।
परीक्षा में शामिल होने के लिए परीक्षार्थियों को 30 मिनट पहले प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की तलाशी ली गई। इसके साथ ही सभी आवश्यक प्रपत्र भी चेक किए गए। कोरोना के चलते सभी परीक्षार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। पहली पाली में परीक्षा के लिए 12 केंद्र बनाए गए। इन केंद्रों पर 6486 परीक्षार्थियों को परीक्षा देन के लिए व्यवस्था की गई, जिसमें से 396 परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए नहीं पहुंचे। 6090 परीक्षार्थियों ने अपनी परीक्षा दी। दूसरी पाली में आठ केंद्र बनाए गए। इनमें से 350 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं, 3774 परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए पहुंचे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 2-2 पर्यवेक्षक व एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किया गया। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक एसपी सिंह एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव यादव के सचल दल ने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
घड़ी व अन्य डिवाइस भी नहीं ले जाने दी गई अंदर
कासगंज। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों को घड़ी, मोबाइल सहित अन्य किसी प्रकार की डिवाइस व सामान अंदर नहीं ले जाने दिया गया। जो परीक्षार्थी सामान लेकर पहुंचे उनके लिए अलग से काउंटर की व्यवस्था की गई, जहां उनका सामान जमा कर लिया गया।
टीईटी परीक्षा के लिए आया पेपर काफी अच्छा था। तैयार किए हुए प्रश्नों के मिल जाने से काफी अच्छा पेपर हो गया ।- मो. आरिफ परीक्षार्थी
शासन से परीक्षार्थियों को किराए में छूट की घोषणा की गई थी। गंगीरी से परीक्षा देने के लिए आते समय बस में किराया अदा नहीं करना पड़ा। -अरविंद परीक्षार्थी
प्राथमिक स्तर का प्रश्नपत्र काफी सरल आया। सभी प्रश्न हल कर लिए। इससे परीक्षा में पास होने की पूरी संभावना है-शिवानी सिंह, परीक्षार्थी
टीईटी परीक्षा का प्रश्नपत्र निरस्त होने वाली परीक्षा से भी अच्छा था, जिससे काफी अच्छा पेपर हुआ है। - अनुजलता परीक्षार्थी