280.8 करोड़ से बनेगा मेडिकल कॉलेज
- फोटो : अमर उजाला
एटा। नगर के वीरांगना अवंतीबाई राजकीय मेडिकल कॉलेज का आगामी तीन माह में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इसके लिए 280.8 करोड़ का प्रस्ताव तैयार हो गया है। इतना ही नहीं शासन ने सी एंड डीएस कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य के लिए नामित भी कर दिया है। हालांकि बजट पर शासन की स्वीकृति लगना बाकी रह गया है।
बताते चले कि एटा के मारहरा रोड पर 24 एकड़ भूमि पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण होना है। जिसका नाम पिछले दिनों लखनऊ में प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने वीरांगना अवंतीबाई राजकीय मेडिकल कॉलेज भी घोषित कर दिया है। हालांकि अभी निर्माण कार्य शुरू होने के लिए शिलान्यास नहीं हुआ है। मगर शासन की ओर से सी एंड डीएस कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य करने के लिए नामिज जरूर कर दिया गया है। संस्था ने अपनी ओर से 280.8 करोड़ रुपए का प्रस्तावित बजट का प्रस्ताव तैयार किया है। संस्था के अधिकारी का कहना है कि सब कुछ ठीक रहा तो आगामी तीन माह में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
सरकारी अस्पताल का भी होना है उच्चीकरण
मेडिकल कॉलेज के साथ-साथ सरकारी अस्पताल का भी उच्चीकरण होना है। मेडिकल कॉलेज के लिए 16.4 एकड़ जमीन का जहां पीएसी के पास अधिग्रहण कर लिया गया है। वहीं आठ एकड़ जमीन जिला अस्पताल परिसर में चिन्ह्ति कर ली गई है। मेडिकल कॉलेज भवन के साथ-साथ जिला अस्पताल का भी उच्चीकरण होना है।
तीन माह पहले भेजा गया था प्रस्ताव
मेडिकल कॉलेज निर्माण को हरी झंडी मिलने के बाद शासन ने जिला प्रशासन से प्रस्ताव मांगा था। इसके बाद तत्कालीन डीएम अमित किशोर ने जिला अस्पताल और पीएसी रोड पर भूमि चिन्ह्ति कर तीन माह पहले प्रस्ताव भेजा था। जिसमें जिला अस्पताल के कुछ भवनों को शामिल करते हुए ओपीडी संचालन की योजना रखी गई थी।
शासन ने एटा के मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराने के लिए हमारी कार्यदायी संस्था सी एंड डीएस को नामित किया है। हमारे द्वारा 280.8 करोड़ का प्रारंभिक प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। सिर्फ शासन की स्वीकृति मिलना बाकी रह गया है। सब कुछ ठीक रहा तो तीन माह के अंदर मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
अजय पाठक, परियोजना प्रबंधक सी एंड डीएस आगरा