आगरा में शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी की व्यवस्था चौपट हो गई। मेडिकल प्रमाणपत्र बनवाने के लिए युवकों की भीड़ जमा हो गई। पर्चा बनवाने के लिए धक्का-मुक्की और मारामारी से मरीजों को परेशानी हुई। पर्चा बनने में देर होने पर युवकों ने हंगामा कर दिया।
विज्ञापन
सेना की भर्ती के लिए आवश्यक मेडिकल प्रमाणपत्र बनवाने के लिए शनिवार को 450 से अधिक युवक पहुंचे। ये सभी पर्चा बनवाने के लिए काउंटर पर लाइन में लग गए। अधिक संख्या होने से यहां धक्का-मुक्की करने लगे। इससे इलाज कराने आए मरीजों को परेशानी हुई। मरीजों ने एसआईसी से युवकों के लिए अलग से काउंटर लगाकर पर्चा बनवाने के लिए कहा लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
सोमवार से अलग से व्यवस्था करेंगे
शनिवार को मेडिकल प्रमाणपत्र बनवाने के लिए भारी संख्या में युवक आ गए। इन्होंने पर्चा काउंटर पर अव्यवस्था कर दी। सोमवार से इनके लिए अलग से पर्चा बनवाने के लिए काउंटर लगवाया जाएगा। -डॉ. एके अग्रवाल, एसआईसी जिला अस्पताल