टूंडला(फिरोजाबाद)। अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने विवाहिता को लखनऊ ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद पति फरार हो गया। जानकारी पर पहुंचे विवाहिता के परिजनों ने लखनऊ के थाना आलमबाग में पति सहित चार लोगों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं शव को टूंडला लाकर अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव गढ़ी भगवंत निवासी प्रताप सिंह ने अपनी पुत्री कविता की शादी थाना पचोखरा के गांव नगला अजब निवासी कन्हैयालाल के साथ डेढ़ वर्ष पूर्व किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति कविता पर अतिरिक्त दहेज में सोने की जंजीर व अंगूठी लाने का दबाव बनाने लगा था। दहेज के लिए ससुराल में कविता को कई बार पीटा गया था। विगत छह दिन पहले कन्हैयालाल कविता को लेकर लखनऊ में काम करने के बहाने ले गया था।
आरोप है कि बुधवार की रात कन्हैया लाल ने कविता की दुपट्टा से गला दबाकर हत्या कर दी और फरार हो गया। लखनऊ में पड़ोसियों ने मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। इस पर लखनऊ पहुंचे परिजनों ने थाना आलमबाग में पति कन्हैया लाल, ससुर समेत चार लोगों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार देररात शव गांव गढ़ी भगवंत लाया गया तथा अंतिम संस्कार कर दिया।