सिढ़पुरा / गंजडुंडवारा । सिढ़पुरा पुलिस एवं एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई में हार जीत की बाजी लगाकर जुआ खेलते पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से 23500 रुपये की नकदी, 34 बाइक, 1 टेंपो बरामद किया गया। इधर गंजडुंडवारा पुलिस ने जुआ खेलते 6 जुआरियों को गिरफ्तार किया है।
बुधवार सुबह सिढ़पुरा पुलिस को नगला अर्जुन गांव में नाले के समीप जुआ खेले जाने की जानकारी मिली। बताया कि लगभग 30 से 35 लोग जुआ खेल रहे हैं। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर मुजीम निवासी मोहल्ला नेहरू नगर, सावंत कुमार निवासी सुभाष नगर, जितेंद्र निवासी जवाहर नगर, नंदकिशोर व अवधेश निवासी नरई को गिरफ्तार कर लिया। वहीं भोले, सत्ते, वसीम, वकील, शीलेंद्र, संदीप वशिष्ठ, राना नट एवं अन्य लोग भाग गए। कोतवाली प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। भागे हुए जुआरियों की तलाश की जा रही है। इधर गंजडुंडवारा पुलिस ने गांव गनेशपुर में जुए का अड्डा पर मंगलवार की देर रात छापा मारते हुए इमरान, देव सिंह, राजाबाबू, रामू, वसीम, नसरुददीन निवासीगण गनेशपुर को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 2470 रुपये और ताश पत्ते बरामद हुए हैं।
मोमबत्ती की रोशनी में लग रही थी बाजी
गंजडुंडवारा पुलिस ने गनेशपुर में जुआ के अड्डे पर छापा मारा उस समय वहां मोमबत्ती की रोशनी में जीत हार की बाजी लग रही थी। पुलिस को देखकर वहां भगदड़ मच गई। अंधेरा का फायदा उठाकर जुआरी भाग गए।
गंजडुंडवारा और सिढ़पुरा पुलिस ने जुए के खिलाफ अभियान चलाया और दोनों थाना क्षेत्रों से कुल 11 जुआरी गिरफ्तार किए गए। बाइक, नकदी और ताशपत्ते बरामद हुए हैं। - रोहन प्रमोद बोत्रे, एसपी।