लखनऊ। विभूति खंड क्षेत्र में शहीद पथ पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार टवेरा सड़क किनारे खड़ी क्वालिस से जा टकराई। जोरदार टक्कर से दोनों गाड़ियों में सवार 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे से शहीद पथ पर एक घंटे जाम लगा रहा। रास्ते से गुजर रहे ऑटो चालक ने घायलों को लोहिया अस्पताल पहुंचाया। जबकि, मौके पर पहुंची पुलिस महज कागजी कार्यवाही कर चलती बनी।
कानपुर के बर्रा निवासी रामेश्वर सिंह अपने परिवार के परमेश्वर चौहान, रेखा सिंह, पप्पू सिंह, लाल चंद्र, प्रशांत, अंकिता, गुड्डी देवी, सरोजनी, राज किशोर, बेरू व रामजीत तिवारी के साथ क्वालिस से एक शादी समारोह में शामिल होने फैजाबाद जा रहे थे। सुबह करीब 10:30 बजे शहीद पथ पर ओमेक्स सिटी के पास उनकी गाड़ी का पिछला टायर पंचर हो गया। ड्राइवर आदर्श पांडेय ने गाड़ी किनारे रोक जैक लगाकर पहिया खोला और पंचर बनवाने चला गया। बाकी लोग गाड़ी में ही बैठकर उसके आने का इंतजार करने लगे। इस बीच तेज रफ्तार टवेरा पीछे से क्वालिस में आ घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टवेरा में फंसी क्वालिस 50 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में दोनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त होने के साथ ही टवेरा सवार नूरजहां, नूर फातिमा, सलमान, फैजान, जैनब, रहनुमा, उम्मेहनी, गुलफशा गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके परिवार के खालिद खान ने बताया कि सभी लोग अजमेर शरीफ से बलरामपुर के शाहदुल्ला नगर स्थित अपने घर जा रहे थे।
हादसे से दोनों गाड़ियां बीच सड़क पर आ गईं। घायलों की चीख-पुकार मची थी। मामूली रूप से घायल लोग रास्ते से गुजर रहे लोगों से मदद मांग रहे थे। राहगीरों ने पुलिस को फोन कर हादसे की सूचना तो दे दी लेकिन कोई भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए आगे नहीं बढ़ रहा था। इस बीच उधर से गुजर रहे ऑटो चालक मो. जमीर ने गंभीर रूप से घायलों को लोहिया अस्पताल पहुंचाया। काफी देर बाद विभूति खंड थाने की पुलिस मौके पर पहुंची तथा दोनों गाड़ियों को किनारे कराने के साथ वहां मौजूद लोगों से घायलों के नाम व पते मालूम किए। कागजी कार्यवाही कर पुलिस टीम लौट गई। उधर, लोहिया अस्पताल में डॉक्टरों ने नूरजहां, नूर फातिमा, सलमान, फैजान, उम्मेहनी, जैनब, रहनुमा, गुलफशा, बेरू व रामजीत तिवारी की हालत नाजुक बताई है।