लखनऊ। ट्रेनों की रफ्तार पर कोहरे का कहर जारी है। कई ट्रेनें लेट चल रही हैं जबकि कुछ ट्रेनों को निरस्त भी किया गया है। शुक्रवार को हिमगिरि एक्सप्रेस डाउन (12332) निरस्त रहेगी। बहुत ज्यादा देर से चल रही हिमगिरि एक्सप्रेस अप (12331) गुरुवार को भी निरस्त रही। गोमती एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 17 घंटे देर से लखनऊ पहुंची। इसी तरह स्वर्ण शताब्दी सवा दो घंटे देर से लखनऊ आई। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक कैफियत दस घंटे, राप्ती सागर चार घंटे, पंजाब मेल दस घंटे, स्वर्ण शताब्दी सवा दो घंटे, अकाल तख्त पौने छह घंटे, न्यू जलपाईगुड़ी-नई दिल्ली एक्सप्रेस साढ़े सात घंटे, मरुधर एक्स्प्रेस नौ घंटे, गोरखधाम सात घंटे, नौचंदी चार घंटे, फरक्का चार घंटे, वैशाली दस घंटे, काशी विश्वनाथ ढाई घंटे और ग्वालियर बरौनी एक्सप्रेस सवा घंटे की देरी से लखनऊ पहुंची। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मेमू भी आज निरस्त, पांच हजार दैनिक यात्रियों पर पड़ेगा असर ः उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल द्वारा कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनें भी शुक्रवार को निरस्त रहेंगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अश्विनी कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रेनों को निरस्त किया गया है। कुल दस पैंजसर और मेमू ट्रेनें हैं। इनमें लखनऊ से संचालित होने वाली ट्रेनों में लखनऊ-कानपुर मेमू (64207), कानपुर-लखनऊ मेमू (64212), बाराबंकी-लखनऊ जंक्शन मेमू (64217), लखनऊ-सुल्तानपुर पैसेंजर (54282), सुल्तानपुर-लखनऊ पैसेंजर (54283) शामिल हैं। इनके निरस्त होने से करीब पांच हजार से ज्यादा दैनिक यात्रियों को पहले से ही देर से चल रहीं अन्य मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों पर निर्भर रहना पड़ेगा।
... और विजिबिलटी साफ होने से विमानों का संचालन सामान्य ः जहां एक ओर कोहरे ने ट्रेनों के संचालन को बुरी तरह प्रभावित किया है, वहीं विजिबिलिटी साफ होने से विमानों का संचालन सामान्य रहा। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को लैंडिंग के दौरान पायलटों को कोई परेशानी नहीं हुई। हालांकि, सुबह दिल्ली, मुंबई और कोलकाता से आने वाले विमान डेढ़ से दो घंटे की देरी से लैंड हुए लेकिन विजिबिलटी साफ थी।