लखनऊ। हजरतगंज स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में एलडीए उपाध्यक्ष से उगाही करना ठेकेदार को भारी पड़ा।
ठेकेदार का स्पष्टीकरण मिलने के बाद गुरुवार देर शाम ठेका निरस्त कर दिया गया। नियमों की अनदेखी पर ठेकेदार की ओर से जमा कराए गए 23.5 लाख रुपये पार्किंग शुल्क व 2.30 लाख रुपये भी एलडीए ने जब्त कर लिया। पार्किंग की नई व्यवस्था पर शुक्रवार को फैसला होगा। एलडीए उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल के निर्देश पर पार्किंग के प्रभारी अधिकारी ने ठेकेदार सुरेश कुमार मौर्या को नोटिस जारी कर 24 घंटे में स्पष्टीकरण मांगा था। नोटिस का जवाब मिलने के बाद देर शाम ठेेका निरस्त करने संबंधी पत्रावली एलडीए उपाध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत की गई। कानूनी राय लेने के बाद वीसी ने नियमों की अनदेखी और अवैध वसूली को लेकर ठेका निरस्त करने, पार्किंग शुल्क व धरोहर राशि को जब्त करने के निर्देश जारी कर दिए।
यह है मामला ः हजरतगंज मल्टीलेवल पार्किंग ठेके में मनमानी की शिकायत के बाद एलडीए उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने औचक निरीक्षण करने पहुंचे तो हकीकत सामने आई। महज आधा घंटा कार पार्किंग के एवज में उनसे बीस रुपये वसूल लिए गए और मांगने पर भी टोकन स्लिप नहीं दी गई। वहीं कहीं भी पार्किंग शुल्क के बोर्ड भी नहीं लगे थे। इससे नाराज एलडीए उपाध्यक्ष ने कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
नई व्यवस्था पर फैसला आज ः एलडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि हजरतगंज मल्टीलेवल पार्किंग में नयी व्यवस्था पर शुक्रवार को अधिकारियों से मंत्रणा कर अंतिम फैसला होगा। इसके तहत पार्किंग के लिए नई टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने तक वाहनों की निगरानी व तय मानकों के तहत पार्किंग शुल्क वसूलने का कार्य एलडीए कर्मचारियों के स्तर पर ही कराया जा सकता है।
नहीं काम आई सिफारिश व बहानेबाजी ः पार्किंग के ठेकेदार को बचाने के लिए सत्ताधारी दल से जुड़े कुछ नेता सारा दिन जुगत में लगे रहे। एलडीए अधिकारियों पर ठेकेदार पर जुर्माना लगा मामला रफा-दफा करने का दबाव बनाया जाता रहा। काम नहीं बना तो देर शाम एक युवा सपा नेता के साथ ठेकेदार ने एलडीए वीसी से मुलाकात कर बताया कि उसकी मां कोमा की स्थिति में अस्पताल में भर्ती हैं। इस कारण उसके नहीं रहने पर कर्मचारियों ने नियमों की अनदेखी के साथ अवैध वसूली की। इसमें उसका कोई दोष नहीं है।