जर्मनी के भाला फेंक एथलीट जोहानेस वेटर भाला फेंक स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड बनाते-बनाते रह गए। वह रिकॉर्ड तोड़ने के करीब आकर चूक गए। वेटर ने पोलैंड के वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉटिनेंटल टूर गोल्ड टूर्नमेंट में 97.76 मीटर दूरी तक भाला फेंक कर दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
वह ऐसा करने वाले इतिहास के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। वेटर चेकोस्लोवाकिया के जन जेलेज्नी के 24 साल पुराने रिकॉर्ड तोड़ने से मात्र 72 सेंटीमीटर पीछे रह गए।
जेलेज्नी ने 1996 में 98.48 मीटर भाला फेंककर यह वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया था। वेटर ने 2017 के लंदन में हुई विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। इस बार उन्होंने खुद का पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने इस बार तीन मीटर ज्यादा दूर भाला फेंका।
विश्व एथलेटिक्स ने वेटर के हवाले से कहा, मुझे नहीं पता कि क्या कहना है। यह वास्तव में एक आदर्श क्षण के करीब था। जब आप अच्छा फेंकते हैं तो आप इसे अपने शरीर में महसूस कर सकते हैं।