दुबई में जारी एशियाई जूनियर मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन बरकरार है। विश्वनाथ सुरेश और तीन अन्य मुक्केबाजों ने चौथे दिन सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। वंशज (64 किग्रा), दक्ष सिंह (67 किग्रा) और जयदीप रावत (71 किग्रा) वह तीन मुक्केबाज हैं जिन्होंने अंतिम चार में जगह बनाई है और देश के लिए पदक पक्का किया है।
विश्वनाथ ने शानदार जीत के साथ दिन की शुरुआत की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी अमंतुर को 48 किग्रा भारवर्ग के क्वार्टरफाइनल में 5-0 से पटखनी दी। विश्वनाथ के सामने किर्गीस्तान का मुक्केबाज कहीं टिक नहीं पाया। वंशज ने भी ताजीकिस्तानी खिलाड़ी दोवुड को हराया। जबकि दक्ष को किर्गिस्तानी मुक्केबाज को हराने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी।
अन्य खिलाड़ियों में विक्टर शैखोम सिंह (54 किग्रा), विजय सिंह (57 किग्रा) और रबिचन्द्र सिंह (60 किग्रा) को क्वार्टरफाइनल में हार का सामना करना पड़ा।