टोक्यो पैरालंपिक उद्घाटन समारोह में शामिल नहीं होगी न्यूजीलैंड की टीम
- फोटो : twitter@Paralympics
टोक्यो पैरालंपिक खेलों की आज से शुरुआत होने जा रही है। भारतीय समयानुसार 4.30 बजे इन खेलों का उद्घाटन किया जाएगा। इस दौरान पैरालंपिक खेलों की ओपनिंग सेरेमनी से जुड़ी चौकाने वाली खबर सामने आई है। न्यूजीलैंड की पैरालंपिक टीम ने कहा कि वह उद्घाटन समारोह में भाग नहीं लेगी। कीवी टीम ने यह फैसला जापान की राजधानी में कोरोना संक्रमण के बढ़ रहे मामलों के चलते लिया है। आयोजकों ने पैरालंपिक से जुड़े 161 कोविड-19 मामलों के बारे में जानकारी दी है। जिनमें स्टाफ, कॉन्ट्रैक्टर्स समेत छह एथलीट भी शामिल हैं।
पैरालंपिक न्यूजीलैंड ने कहा है कि उसके एथलीट उद्घाटन समारोह में शिरकत नहीं करेंगे। ओपनिंग सेरेमनी के दौरान दो ध्वजवाहक आमतौर पर टीम के साथियों को ओलंपिक स्टेडियम में लेकर जाते हैं। न्यूजीलैंड पैरालंपिक ने जारी बयान में कहा, हमारी टीम उद्घाटन समारोह में शामिल नहीं होगी, हम अपने कोविड-19 ऑपरेटिंग सिद्धांतों और दिशा निर्देशों के प्रति प्रतिबद्ध हैं जिनका उद्धेश्य हमारी टीम को सुरक्षित रखना है।
कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के दौरान न्यूजीलैंड ने कोविड शून्य रणनीति अपनाई। जिसके परिणाम स्वरूप 50 लाख आबादी में से सिर्फ 26 लोगों की मौत कोरोना की वजह से हुई। लेकिन न्यूजीलैंड में मौजूदा समय में भी डेल्टा वैरिएंट के प्रसार को रोकने के लिए लॉकडाउन लागू है।
अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक समिति के प्रवक्ता क्रेग स्पेंस ने मंगलवार को संवाददाताओं से बात करते हुए कहा, न्यूजीलैंड 162 पैरालंपिक प्रतिनिधिमंडलों में से एकमात्र देश है जिसने कहा कि शाम के समय होने वाले पैरालंपिक खेलों के उद्घाटन समारोह में शमिल नहीं होगा।
प्रवक्ता ने आगे कहा कि हम उनके निर्णय का सम्मान करते हैं। उनके मुताबिक न्यूजीलैंड टीम के प्रमुख फियोना एलन ने उन्हें बताया था कि कोरोना वायरस के लिए इतने सख्त इंतजाम के बावजूद वह सुपर सेफ बने रहना चाहते थे। टोक्यो ओलंपिक के मुताबिक, न्यूजीलैंड के की टीम में 32 पैरा एथलीट शामिल हैं।