भारतीय निशानेबाजों की पेरिस ओलंपिक की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारतीय निशानेबाज 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम क्वालीफिकेशन से ही बाहर हो गए और पदक दौर में जगह नहीं बना सके। रमिता और अर्जुन बाबुता की जोड़ी कुल 628.7 के स्कोर के साथ छठे स्थान पर रही, जबकि एलावेनिल वलारीवान और संदीप सिंह ने 626.3 के स्कोर के साथ 12वें स्थान पर रहकर अपना अभियान समाप्त किया।
करीब आकर चूके रमिता और अर्जुन
रमिता और अर्जुन तीन शॉट शेष रहने तक पांचवें स्थान पर थे और पदक दौर के लिए क्वालिफाई करने के करीब पहुंच गए थे, लेकिन यह भारतीय जोड़ी 1.0 अंक से पिछड़ गई। अर्जुन ने दूसरे रिले में अच्छी शुरुआत की और 10.5, 10.6, 10.5, 10.9 के स्कोर बनाए, जबकि रमिता दूसरी सीरीज में 10.2, 10.7, 10.3, 10.1 का स्कोर करने में सफल रहीं। इनके प्रयास से यह जोड़ी शीर्ष आठ में बनी रही। हालांकि, पदक राउंड में जगह बनाने के लिए यह स्कोर पर्याप्त नहीं था। पदक राउंड में पहुंचने के लिए शीर्ष चार में जगह बनाना जरूरी था। चीन, कोरिया और कजाकिस्तान की टीम क्वालीफिकेशन दौर में पहले तीन स्थानों पर रही।