ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा, ‘हम हॉकी इंडिया के साथ बतौर प्रायोजक जुड़ कर बेहद खुश हैं। हम हॉकी इंडिया का आभार जताते हैं उसने हमें यह मंच मुहैया कराया। ओडिशा में हॉकी महज खेल ही नहीं बल्कि जिंदगी जीने का ढंग है। ओडिशा की धरती ने देश को कई हॉकी ओलंपियनों के साथ ढेरो राष्ट्रीय खिलाड़ी दिए हैं। यह पहला मौका है जब एक सरकार न केवल अपनी सीमा के भीतर एक खेल को बढ़ावा देगी बल्कि भारत में हॉकी प्रतिभाओं को खिलने और निखरने में मदद करेगी।’
वर्ल्ड कप से एक दिन पहले होगा भव्य उदघाटन समारोह: बत्रा
आईओए अध्यक्ष बत्रा ने ओडिशा सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा, ‘मुझे यह बताया गया है कि इस साल के आखिर में भुवनेश्वर में पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप से एक दिन पहले भव्य उदघाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। भुवनेश्वर मेरे लिए देश की खेल राजधानी है। मैं ओडिशा सरकार से यह गुजारिश करता हूं कि वह राज्य में इलीट एथलीटों के लिए एक हाई परफॉर्मेंस सेटर स्थापित करे।’ ओडिशा की विश्वख्यात गायिका सोना महापात्र भी उदघाटन समारोह में प्रस्तुति करेंगी।
भारत के पूर्व हाकी ओलंपियन और कप्तान दिलीप टिर्की ने कहा, ‘ओडिशा में हॉकी की जुनून की हद तक लोकप्रिय है। ओडिशा ने करीब दस हॉकी ओलंपियन दिए हैं और 60-70 से ज्यादा खिलाड़ियों ने भारतीय टीम की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नुमाइंदगी की है। यहां तक ग्रामीण हॉकी टूर्नामेंट में बड़ी तादाद में प्रविष्टियां आती है। इन ग्रामीण टूर्नामेंट में जीतने पर बकरी दी जाती है और उसके लिए भी हर टीम जीत के पूरी ताकत लगा देती है। कोई भी ग्रामीण स्तर पर हॉकी में हारना चाहता। ग्रामीण टूर्नामेंट में मैं एक 58 बरस शख्स को खेलता देखकर हैरान रह गया।'