सफाई कर्मियों के सैकड़ों पद हैं खाली
शिमला। नगर निगम में खाली पड़े सफाई कर्मचारियों के पद सैहब सोसायटी से भरने का मामला नगर निगम सदन के बाद सरकार के पास पहुंच गया है। सैहब सोसायटी के पदाधिकारी शुक्रवार को शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज से मिले।
यूनियन अध्यक्ष जसवंत सिंह ने मांगपत्र सौंपते हुए कहा कि नगर निगम सदन ने इस प्रस्ताव को पारित कर दिया है। ऐसे में सरकार इस पर जल्द फैसला ले। कहा कि नगर निगम में सफाई कर्मचारियों के सैकड़ों पद खाली हैं। इन्हें सैहब सोसायटी से भरा जा सकता है। ऐसा करने से सैहब सोसायटी में सालों से तैनात कर्मचारियों को फायदा होगा। अभी सैहब सोसायटी के कर्मचारी घरों से कूड़ा उठाने के अलावा, चालक, सुपरवाइजर आदि श्रेणियों में काम कर रहे हैं। सैहब में तनख्वाह कम है जबकि सफाई कर्मचारियों की तनख्वाह ज्यादा है, जो सैहबकर्मी सालों से सेवाएं दे रहे हैं, उन्हें वरिष्ठता के आधार पर सफाई कर्मचारियों के खाली पदों पर तैनात किया जाए। यदि ऐसी नीति बनती है तो सैहब में काम कर रहे कर्मचारियों का भविष्य भी सुरक्षित हो जाएगा। सैहब में इस समय 879 कर्मचारी काम कर रहे हैं। शहरी विकास मंत्री ने भरोसा दिया कि जल्द ही इस प्रस्ताव पर सरकार से चर्चा की जाएगी।