जुब्बल के दोची में दोमंजिला घर जलकर राख हो गया है। शुक्रवार रात की इस घटना में भीतर सो रहा एक मजदूर जिंदा जल गया है, जबकि एक अन्य वक्त रहते भागकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा।
शिमला जिले के जुब्बल के दोची में दोमंजिला घर जलकर राख हो गया है। शुक्रवार रात की इस घटना में भीतर सो रहा एक मजदूर जिंदा जल गया है, जबकि एक अन्य वक्त रहते भागकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा। पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि घटना के वक्त दोनों मजदूर शराब के नशे में थे। लापरवाही से आग लगने की आशंका है। घर का स्टोर घास और सूखी लकड़ियों से भरा था, जिसने आग में घी डालने का काम किया।
विज्ञापन
मृतक अशोक गिरी (45) पुत्र भवन गिरी गांव बौली में सुरेंद्र के पास काम करता था। पुलिस के अनुसार दोची में बगीचे में बने प्यारे लाल के पुराने घर में यह आग लगी। अशोक इस घर में रहने वाले मजदूर गोविंद नेपाली के पास अकसर आता-जाता था। शुक्रवार रात को भी दोनों ने इस घर के अंदर शराब का सेवन किया।
उसके बाद अशोक यहीं सो गया। रात करीब 10.30 बजे आग लग गई। लोगों ने घर में आग देखी तो फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। सीएचसी जुब्बल में पोस्टमार्टम के बाद शव मृतक की पत्नी को सौंप दिया गया है। डीएसपी रोहडू रविंद्र नेगी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। लापरवाही से आग लगने की आशंका है।