वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बजट भाषण में कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत शिमला में 160 करोड़ रुपये की लागत से 59, धर्मशाला में 166 करोड़ रुपये की लागत से 65 परियोजनाएं पूरी की जाएंगी। इसके अलावा शिमला में 104 करोड़ और धर्मशाला में 165 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य होंगे। हिमाचल में अब तीन नगर परिषद और नगर पंचायतों को भी अटल श्रेष्ठ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। पहले यह पुरस्कार योजना नगर निगम के लिए थी। गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने शहरी स्थानीय निकायों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने अटल श्रेष्ठ योजना शुरू की है।
पार्किंग के लिए सरकारी अंशदान में बढ़ोतरी
सरकार ने नगर निकायों में पार्किंग निर्माण के लिए अंशदान की राशि को 50 से बढ़ाकर 75 फीसदी किया है। शहरी निकायों में पार्किंग निर्माण के लिए कुल लागत का 50 फीसदी सरकार की ओर से वहन किया जाता है। जबकि शेष 50 फीसदी राशि स्थानीय निकाय वहन करती है। लंबे समय से डंप कचरे को साफ करने के बाद इन स्थलों पर वृक्षारोपण किया जाएगा। इन स्थानों को पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित किया जाएगा।
ग्रामीण विकास के लिए 662 करोड़ रुपए
मनरेगा में पंचवटी योजना के तहत 28 वाटिकाओं का निर्माण किया जा चुका है। अन्य पर निर्माण कार्य प्रगति में है। वर्ष 2022-23 में 200 अतिरिक्त वाटिकाएं और पार्क बनेंगे। मनरेगा में निजी और वन भूमि में वृक्षारोपण पर 50 करोड़ व्यय होंगे। 12 बहुउद्देशीय सुविधा केंद्र बनेंगे। प्रदेश में 870 ग्राम पंचायत के प्रधानों सहित 2510 कर्मचारियों को प्रशिक्षण देंगे। छठे राज्य वित्तायोग की अनुशंसा पर पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिबद्ध दायित्वों के लिए 351 करोड़ का प्रावधान किया है, जोकि 2021-22 से 104 करोड़ अधिक है।
32 हजार स्वयं सहायता समूह
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 32 हजार स्वयं सहायता समूह का गठन कर दो लाख 50 हजार से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। 25 हजार रुपये की एक मुश्त टॉपअप देंगे। इन समूहों को 25 करोड़ की राशि मिलेगी। महिलाओं को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के वार्षिक प्रीमियम 12 रुपये 330 रुपए का भुगतान सरकार करेगी। इस पर 10 करोड़ रुपए खर्च करेगी। कृषि सखी, कृषि उद्योग सखी, वित्त सखी, बैंक सखी, आदि को गृह खंड विकास क्षेत्र में कार्य करने को प्रति दिन 350 से बढ़ाकर 500 रुपये देंगे। समूहों पर कुल 65 करोड़ खर्च होंगे।