फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नाइजीरिया किडनैपिंग: परिजन रो रहे खून के आंसू, 24 घंटे बाद क्या होगा लाडलों का

Mon, 26 Mar 2018 01:46 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)
विज्ञापन
विज्ञापन

नाइजीरिया के समुद्री लुटेरों की धमकी के बाद पिछले 24 घंटों से कांगड़ा के तीन परिवार खून के आंसू रो रहे हैं। उन्हें चिंता सता रही है कि सोमवार को अल्टीमेटम खत्म होने के बाद बंधक बनाए उनके लाडलों का क्या होगा।

विज्ञापन


शनिवार को समुद्री लुटेरों ने सुशील के घर फोन कर फिरौती का पैसा न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। धमकी के बाद से सुशील, पंकज और अजय के घर में चूल्हा नहीं जला। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

उन्होंने पूरी रात जागते हुए काटी। युवकों के बंधक बनाने की सूचना विदेश मंत्रालय को दे दी है, लेकिन 24 घंटे से राहत की कोई खबर नहीं आई। 
नाइजीरिया के समुद्री लुटेरों ने दी धमकी, पैसे नहीं दिए तो तीनों को जान से मार देंगे

सुशील की पत्नी पूजा, पिता रघुवीर और माता सुदेश ने कहा कि वे अपना सारा पैसा, जमीन, घर और जेवर बेचकर फिरौती की रकम देने को तैयार हैं, लेकिन लुटेरों ने यह नहीं बताया कि कहां और कैसे उनको पैसा पहुंचाना है।

विज्ञापन


पूजा ने बताया कि दोनों बच्चे बार-बार अपने पापा के बारे में पूछ रहे हैं कि वह कब आएंगे। छोटे भाई विनय ने बताया कि उसने आज सुशील की कंपनी के मालिक से संपर्क किया तो उन्होंने आश्वासन दिया कि उनको जल्द ही छुड़वा लेंगे। एक सप्ताह  का इंतजार करो। 

उन्होंने कहा कि बीते दिनों विदेश मंत्रालय से फोन तो आया लेकिन वहां से भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उनके परिवार को अब चिंता होने लगी है कि सोमवार तक अगर लुटेरों को पैसा नहीं दिया गया तो उनका क्या होगा।

परिजनों ने केंद्र सरकार और कंपनी के मालिक उनके भाई और सहयोगियों को लुटेरों के चंगुल से छुड़वा कर सलामत घर पहुंचाने की मांग की है। 

विज्ञापन

अजय और पंकज के पिता पीजीआई में भर्ती

बंधक बनाए अजय कुमार के पिता को 20 दिन पहले ब्रेन हेमरेज हुआ, जबकि पंकज के पिता की दोनों किडनियां खराब हो चुकी हैं। उनकी माता ने एक किडनी दी।

ऑपरेशन के बाद से वह भी पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन हैं। पंकज की माता सुदर्शना देवी बेसुध हालत में घर आने वाले हर शख्स से यह कह रही हैं कि मेरे बेटे को वापस ले आओ।

आज विधानसभा में उठेगा मामला
जवाली से भाजपा विधायक अर्जुन सिंह ने कहा कि वह इस मसले पर सोमवार को विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले कांगड़ा जिले के विधायकों को साथ लेकर सीएम जयराम ठाकुर से मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि वह इस प्रकरण को सदन में भी उठाएंगे। उनका उद्देश्य नाइजीरिया में फंसे तीनों युवकों को सकुशल वापस लाना है। इस मसले में सांसद शांता कुमार से भी बात हुई है। विदेश मंत्रालय ने उन्हें सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें