शिमला के धंसते रिज मैदान को बचाने के लिए बुधवार को धंसे हिस्से में टारिंग शुरू हो गई।
पानी रिसने से रोकने के लिए की टारिंग, मैदान की मरम्मत का अभी तक शुरू नहीं हुआ काम
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। ऐतिहासिक रिज मैदान के धंस रहे हिस्से पर नगर निगम ने टारिंग कर दी है। बुधवार को इस जगह की टारिंग की गई। धंस रहे हिस्से पर पहले पत्थरों से फिलिंग की गई उसके बाद टारिंग से इसे समतल कर दिया।
नगर निगम की यह टारिंग कितने दिन चलेगी, इस पर अभी से सवाल खड़े हो गए हैं। नगर निगम ने पिछले साल भी इस जगह की टारिंग की थी लेकिन एक हफ्ते बाद ही उसमें दरारें पड़ गई थीं। रिज का यह हिस्सा लगातार धंस रहा है। ऐसे में यह टारिंग कितने दिन चलेगी, इसकी गारंटी निगम भी नहीं ले रहा।
निगम का तर्क है कि जब तक स्मार्ट सिटी मिशन के तहत इसे बचाने के लिए काम शुरू नहीं हो जाता तब तक रिज की खूबसूरती बरकरार रखने और इन दरारों में पानी को रिसने से बचाने के लिए यह अस्थायी टारिंग की है। निगम ने इस हिस्से को बचाने के लिए स्मार्ट सिटी मिशन के तहत प्रोजेक्ट तो तैयार किया है लेकिन दो साल से यह धरातल पर नहीं उतरा है। वन विभाग की क्लीयरेंस न मिलने से इसका काम अभी तक लटका पड़ा है।