चीनी के सैंपल फेल होने के मामले में खाद्य आपूर्ति निगम ने कंपनी को नोटिस जारी कर जवाबतलब किया है।
डिपो में मिलने वाली सस्ती चीनी के सैंपल फेल होने के मामले में खाद्य आपूर्ति निगम ने कंपनी को नोटिस जारी कर जवाबतलब किया है। यह कंपनी मार्च से प्रदेश के साढ़े 18 लाख उपभोक्ताओं को चीनी की सप्लाई कर रही है। कंपनी के 17 सैंपल गुणवत्ता पर खरे नहीं उतरे हैं।
निगम ने कंपनी की 20 फीसदी सिक्योरिटी काटने के भी निर्देश जारी कर दिए हैं। हिमाचल में पहली बार किसी कंपनी के इतने बड़े पैमाने पर सैंपल फेल हुए हैं। हालांकि, इससे पहले भी कंपनियों के सैंपल फेल होते रहे हैं, लेकिन दो महीने के भीतर इतने सैंपल फेल होने पर निगम भी हैरत में है।
गौरतलब है कि खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता मामले मंत्री जीएस बाली ने विधानसभा सत्र के दौरान खाद्य आपूर्ति निगम और विभाग को प्रदेश के विभिन्न डिपो से खाद्य सैंपल जुटाने के निर्देश दिए थे। ऐसे में निगम और विभाग ने अपने अपने स्तर पर 500 सैंपल जुटाए थे।
सब्सिडी पर मिलती है राशि
प्रदेश के साढ़े 18 लाख उपभोक्ताओं को सरकार सब्सिडी पर राशन देती है। इसमें एपीएल परिवार को 7 किलो चावल, 15 किलो आटा, दो लीटर तेल के पैकेट, नमक, चीनी, और तीन दालें शामिल हैं।