उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि बुधवार से कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बनाए गए एसओपी के तहत सभी कॉलेजों को विद्यार्थियों के लिए खोल दिया गया है। पहले दिन अपेक्षाकृत कॉलेज आने वाले विद्यार्थियों की संख्या कम रही। आने वाले दिनों में संख्या बढ़ने के आसार हैं।
हिमाचल प्रदेश में करीब पांच माह बाद बुधवार से खुले कॉलेजों में पहले दिन 50 फीसदी से भी कम विद्यार्थी पहुंचे। कॉलेज आने के लिए विद्यार्थियों में उत्साह नहीं दिखा। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही कॉलेजों में विद्यार्थियों और शिक्षकों-गैर शिक्षकों को प्रवेश दिया गया। फेस मास्क पहनना सभी के लिए अनिवार्य रहा। शिक्षा विभाग ने एक सितंबर से कक्षाओं में सिर्फ 50 फीसदी विद्यार्थियों को ही बैठाने के निर्देश दिए गए हैं। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि बुधवार से कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बनाए गए एसओपी के तहत सभी कॉलेजों को विद्यार्थियों के लिए खोल दिया गया है। पहले दिन अपेक्षाकृत कॉलेज आने वाले विद्यार्थियों की संख्या कम रही। आने वाले दिनों में संख्या बढ़ने के आसार हैं। उन्होंने कहा कि सभी कॉलेजों को विद्यार्थियों को बुलाने के लिए अलग से टाइम टेबल बनाने को कहा गया है। हर कॉलेज ने अपना माइक्रो प्लान तैयार किया है। विद्यार्थियों की अधिक संख्या वाले कॉलेजों में वैकल्पिक दिनों में भी कक्षाएं लगाने की प्रिंसिपलों को छूट दी गई है।
विज्ञापन
कोटशेरा-संजौली कॉलेज की दूसरी मेरिट लिस्ट जारी
शिमला। राजीव गांधी महाविद्यालय कोटशेरा और संजौली कॉलेज ने तय तिथि के अनुसार यूजी प्रथम वर्ष के विभिन्न कोर्सों में प्रवेश के लिए दूसरी मेरिट लिस्ट बुधवार को जारी कर दी। इसे विद्यार्थियों के लिए कॉलेज की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया है। संजौली, कोटशेरा सहित आरकेएमवी में प्रवेश की पहली मेरिट में आए बहुत से छात्र छात्राओं की फीस जमा नहीं हो पाई। कॉलेजों ने छात्रों की समस्याओं को अपने स्तर पर हल करने का प्रयास भी किया। अब जो पहले मौके पर फीस देने से चूके हैं वह दूसरी मेरिट जारी होने पर फीस जमा करवाकर प्रवेश ले सकेंगे। 31 अगस्त की तय की फीस जमा करवाने की अंतिम तिथि तक फीस आदि की प्रक्रिया पूरी कर प्रवेश पाने वाले प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं में कोटशेरा कॉलेज में सबसे अधिक 850 ने प्रवेश पा लिया है। संजौली कॉलेज में 720 ने प्रवेश पाया है। राजधानी शिमला के कन्या महाविद्यालय आरकेएमवी वीरवार को दूसरी मेरिट जारी करेगा। इसमें आर्ट्स की ही मेरिट जारी होगी।