श्री आनंदपुर साहिब जी के 350वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बाबा दीप सिंह जी के जन्म स्थान पुहुविंड से आए नगर कीर्तन का देर रात ऊना पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया।
देर रात हिमाचल के प्रवेश द्वार पंडोगा बैरियर पर हरोली क्षेत्र की सिख संगतों ने ‘बोले सो निहाल सत श्री अकाल’ के जयकारों के साथ नगर कीर्तन का स्वागत किया। कड़ाके की सर्दी के बावजूद बच्चे, बुजुर्ग महिलाओं में उत्साह की कोई कमी नहीं दिखी। ऊना में सिख संगत द्वारा किला बाबा साहिब सिंह जी के पास नगर कीर्तन का स्वागत पुष्प वर्षा से किया गया।
इस अवसर पर बाबा हरपाल सिंह जी के नेतृत्व में सिख संगतों द्वारा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को रुमाला भेंट किया गया। पांच सिंह साहिबान व सिंह साहिब ज्ञानी मल्ल सिंह जी जत्थेदार तख्त श्री केसगढ़ साहिब, भाई बलदेव सिंह वडाला, भाई सुखविंद्र सिंह और अन्य महापुरुषों को सिरोपा देकर सम्मानित किया।
इस अवसर नगर कीर्तन के स्वागत में संगतों ने चाय-पकौड़े के लंगर लगाए। इस अवसर पर बाबा सुरिंदर सिंह जी, बाबा अमरीक सिंह, गुरु नानक मिशन संस्था के महासचिव भाई हरपाल सिंह कोटला, भाई बलविंदर सिंह, भाई जोगमान सिंह, भाई परमजीत सिंह, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य मास्टर जागीर सिंह, शिरोमणि अकाली दल हिमाचल के अध्यक्ष भाई दलजीत सिंह भिंडर, भाई गोपाल सिंह बालीबाल, भाई गुरमेज सिंह, भाई गुरमुख सिंह, भाई सतनाम सिंह, भाई इकबाल सिंह मौजूद रहे।