शिमला के नेरवा में एक ऑल्टो कार के गहरी खाई में गिरने से छह लोगों की मौत हो गई है। कार सवार सभी लोग एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार इस कार में कुल 6 लोग सवार थे।
हादसा सोमवार देर रात हुआ है। बताया जा रहा है कि नेरवा के एचआरटीसी में कार्यरत परिचालक श्याम सिंह चौहान के बेटे की शादी हो रही थी। इस शादी समारोह में शामिल होने के बाद ये लोग कार में सवार होकर नेरवा के इड़ा से शामठा की ओर जा रहे थे।
जैसे ही पंचायतघर इड़ा के पास पहुंचे कि कार बेकाबू होकर करीब 600 फुट गहरी खाई में जा गिरी। इससे कार सवार सभी 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई।
स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और शवों को खाई से सड़क तक पहुंचाया। हादसे की सूचना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है। यह कार ओम प्रकाश की थी। वह जेसीबी के आपरेटर का काम करता था। हादसे के बाद मतकों के शव खाई में इधर उधर छिटक कर पडे़ थे जिस कारण लोगों को शव तलाशने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मृतकों में कार चालक ओमप्रकाश (27) पुत्र कर्मचंद निवासी सलूणी चंबा, मोहर सिंह (52) निवासी गांव चौड़, सूरत सिंह (38) निवासी शामठा, बलवंत (37) निवासी बजाह, बंसीलाल (38) निवासी चंईजन, कंवर सिंह (42) शामिल हैं। मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता राशि के तौर पर 25 25 हजार रुपए की फौरी राहत दी गई है।