सेब बागवानों से ठगी के मामले में एक और गिरफ्तारी हुई है। सीआईडी के पुलिस अधीक्षक और एसआईटी प्रभारी वरिंद्र कालिया ने इसकी पुष्टि की है कि आढ़ती सुनील रतन को गिरफ्तार करने के बाद तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
हिमाचल प्रदेश में सेब बागवानों से ठगी के मामले में एक और गिरफ्तारी हुई है। सीआईडी की विशेष जांच टीम (एसआईटी) एक आढ़ती सुनील रतन पुत्र प्रेमा राम को पकड़ा है। सीआईडी सुनील को उद्घोषित अपराधी घोषित करने की तैयारी में थी, मगर इसी बीच वह एसआईटी के हत्थे चढ़ गया। सुनील रतन मूल रूप से घुमारवीं से है। उसे ठियोग और कोटखाई के सेब बागवानों के 12 और 14 लाख रुपये देने हैं। वह ठियोग के गजेड़ी के पास आढ़त खोले बैठा था।
विज्ञापन
सुनील रतन के अलावा उसके दो अन्य साथियों रमेश शर्मा और नवीन नाग ने सेब बागवानों की 50 लाख रुपये के आसपास की देनदारियां देनी थीं। रमेश और नवीन ने तो भुगतान कर दिया, मगर सुनील रतन ने अभी तक नहीं किया है। उस पर करीब 25 सेब बागवानों को ठगने के आरोप रहे हैं। सीआईडी के पुलिस अधीक्षक और एसआईटी प्रभारी वरिंद्र कालिया ने इसकी पुष्टि की है कि आढ़ती सुनील रतन को गिरफ्तार करने के बाद तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।