Shopkpeer demand to reduces GST rate
व्यापार मंडल शिमला ने डीसी के जरिये केंद्र सरकार को सौंपा मांगपत्र
बोले, लोगों पर और बढ़ेगी महंगाई
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। रेडीमेड कपड़ों और जूतों पर एक जनवरी 2022 से जीएसटी पांच फीसदी से बढ़कर 12 फीसदी हो जाएगा। इससे कपड़े और जूते महंगे होंगे। शहर के कारोबारियों की मांग पर मंगलवार को शिमला व्यापार मंडल के पदाधिकारी अध्यक्ष हरजीत मंगा की अगुवाई में डीसी आदित्य नेगी से मिले।
व्यापार मंडल ने उपायुक्त के जरिये कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को अपना मांगपत्र भेजा। अध्यक्ष हरजीत मंगा ने कहा कि अगले साल जीएसटी की दर 5 फीसदी से बढ़कर 12 फीसदी हो जाएगी। इससे कपड़े और जूते महंगे हो जाएंगे। आम जनता पर इसका असर पड़ेगा। कहा कि महंगाई पहले ही काफी ज्यादा है। अब जीएसटी की दर बढ़ने से ये चीजें भी महंगी हो जाएंगी। महासचिव नितिन सोहल ने कहा कि शहर के कारोबारी जीएसटी बढ़ाने का विरोध कर रहे हैं। ऐसे में सरकार जल्द इस फैसले को वापस ले। महासचिव ने कहा कि जल्द ही इस बारे में शहर के कारोबारियों से भी बातचीत की जाएगी।