फिल्म ‘शिमला मिर्ची’ की शूटिंग 21 सितंबर से राजधानी में शुरू होगी। शिमला में फिल्म का पहला शॉट माल रोड पर फिल्माया जाएगा। निर्देशक रमेश सिप्पी शिमला पहुंच गए हैं। उन्होंने शुक्रवार को माल रोड पर लोकेशन का जायजा लिया।
‘शिमला मिर्ची’ फिल्म की शूटिंग दस अक्तूबर तक नालदेहरा, समरहिल रेलवे स्टेशन, संकट मोचन, जाखू और आसपास के क्षेत्रों में होगी। रमेश सिप्पी ने शूटिंग साइट्स फाइनल कर दी हैं। शूटिंग के लिए हेमा मालिनी भी जल्द आएंगी।
हेमा मालिनी का फिल्म में अहम किरदार है। निर्देशक रमेश सिप्पी रोमांटिक कॉमेडी बना रहे हैं। करीब चार दशक बाद मशहूर अभिनेत्री हेमा मालिनी और निर्देशक रमेश सिप्पी की जोड़ी बड़े पर्दे पर धमाल मचाने जा रही है।
फिल्म एक अकेली मां और उसकी बेटी की अनोखी कहानी पर आधारित है। इसमें दोनों एक ही इंसान के प्रेम में पड़ जाती हैं। मां के किरदार में हेमा मालिनी हैं। उनकी बेटी का किरदार साउथ की चर्चित अभिनेत्री राकुल प्रीत सिंह निभा रही हैं। फिल्म में नायक की भूमिका में राजकुमार राव होंगे।
स्क्रिप्ट के हिसाब से आएंगे कलाकार
रमेश सिप्पी की टीम के सदस्यों ने बताया है कि स्क्रिप्ट के हिसाब से कलाकार मुंबई से शिमला आएंगे। हेमा मालिनी के आने की अभी तारीख तय नहीं है।
निर्देशक रमेश सिप्पी ने शुक्रवार को मुख्य डाकघर शिमला से माल रोड होते हुए विलो बैंक तक सैर की। इस दौरान उन्होंने कई जगह रुककर अपनी टीम के साथ शूटिंग साइट्स पर चर्चा की।