दोपहर बाद तक चलता रहा बहाली कार्य, बसें न मिलने से परेशान रहे हैं यात्री
सुबह ही सड़केें बहाल करने में जुट गए थे कर्मचारी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। बर्फबारी के बाद बंद हुई जिले की अधिकतर मुख्य सड़कें वीरवार देर शाम तक बहाल हो गईं। शिमला-रामपुर नेशनल हाईवे कुफरी और फागू के बीच सुबह दस बजे के बाद बहाल हुआ। दोपहर बाद नारकंडा और खड़ापत्थर में भी सड़कें खोल दी गईं। देर शाम शिमला-चौपाल नेरवा सड़क खिड़की के पास से बहाल की गई। एचआरटीसी ने ट्रायल के लिए वीरवार को चौपाल रूट पर एक बस रवाना की।
वीरवार देर शाम तक शिमला को ऊपरी क्षेत्रों से जोड़ने वाली सड़कें बहाल कर दी गईं। हालांकि दोपहर तक इन सड़कों पर बसों की आवाजाही प्रभावित रही। रातभर बादल और बारिश के चलते अधिकांश बर्फ पिघल गई। सुबह के समय सड़कों को बहाल करने के लिए मशीनरी भी लगा दी थी। बस सेवा सामान्य न होने के कारण वीरवार को भी आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दिनभर लोग बसों के इंतजार में आईएसबीटी, लक्कड़ बाजार बस स्टैंड और ढली में परेशान होते रहे। वीरवार को एचआरटीसी तारादेवी डिपो के करीब 14 और शिमला ग्रामीण डिपो के 12 रूट संचालित नहीं हो पाए। रामपुर, रोहड़ू और रिकांगपिओ डिपो के कई रूट भी वीरवार को संचालित नहीं हो पाए।
चौपाल को ट्रायल पर भेजी है बस
एचआरटीसी तारादेवी डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक विनोद शर्मा ने बताया कि वीरवार को चौपाल रूट पर ट्रायल के लिए बस रवाना की है। शुक्रवार को सड़कों की हालात को देखते हुए बसों के संचालन का फैसला लिया जाएगा।