जिला ऊना के सरहदी क्षेत्र मैहतपुर के झुड़ियां मोहल्ला के लगभग दो दर्जन घर अब पंजाब की मुफ्त बिजली से रोशन होंगे। इन गांवों में आज भी हिमाचल की बिजली नहीं पहुंची है। ये घर पंजाब की बिजली से रोशन हो रहे हैं। मैहतपुर पंचायत के वार्ड पांच के झुड़ियां मोहल्ले के लोग एक अरसे से हिमाचल की बिजली की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन इन लोगों को आज भी हिमाचल की बिजली नसीब नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि पंजाब में अब आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद 300 यूनिट बिजली निशुल्क करने की घोषणा हुई है। इससे राहत की उम्मीद दिखाई देने लगी है।
अभी तक पंजाब की महंगी बिजली के कारण इन परिवारों के लोग कभी 9 हजार, 10 हजार तो कभी 12 हजार रुपये के बिल की अदायगी करते रहे हैं। झुड़ियां मोहल्ला के बग्गा राम ने कहा कि कई वर्षों से महंगे बिजली बिल का भुगतान करते आ रहे हैं। इन्हें आज तक हिमाचल के बिजली कनेक्शन नहीं मिले हैं। सुरेंद्र कुमार, मनमोहन सिंह, दीपक, संजीव, राकेश, सतपाल, रणजीत सिंह, सोहन सिंह, शक्ति, मदनलाल, सुखराज, आज्ञाराम, गुरनाम सिंह, मक्खन सिंह और भीम सिंह ने कहा कि इतने सालों से वे पंजाब की महंगी बिजली से अपने घर रोशन करते आ रहे हैं।
अभी तक किसी भी सियासी दल के नेता ने उनकी इस उम्मीद को पूरा करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। उधर, विद्युत बोर्ड ऊना के अधिशासी अभियंता खुशविंदर सिंह की मानें तो झुड़ियां मोहल्ला पंजाब की सीमा पर सटा है। हिमाचल से विद्युत सप्लाई के लिए पंजाब के कुछ लोग अड़ंगा डाल रहे हैं। इस कारण इन घरों तक हिमाचल की विद्युत सप्लाई नहीं पहुंच पा रही है। विभागीय स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
ऊर्जा मंत्री के समक्ष भी उठाया था मामला
ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी के ऊना प्रवास के दौरान भी इस मोहल्ले के लोगों की इस समस्या को लेकर मंत्री की सभा में चर्चा अवश्य हुई थी, लेकिन अभी तक इस दिशा में कुछ भी प्रगति नहीं हो पाई है।