न्यू शिमला में हुई वार्ड सभा में लोगों ने उठाए सवाल, बोले- कब मिलेगी राहत, आए दिन कर रहे हमले
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के उपनगरों में हो रही वार्ड सभाओं में अब विकासकार्याें से पहले लावारिस कुत्तों के आतंक का मुद्दा गरमा रहा है। शहर के न्यू शिमला वार्ड में रविवार को बुलाई वार्ड सभा में भी लोगों ने सबसे पहले इसी मुद्दे को उठाया।
पार्षद निशा ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में नगर निगम संयुक्त आयुक्त भुवन शर्मा भी मौजूद रहे। लोगों ने पूछा कि जब नगर निगम नसबंदी के दावे कर रहा है तो फिर वार्ड में कुत्तों की संख्या कैसे बढ़ रही है। आए दिन कुत्तों के हमले हो रहे हैं। कई बच्चे और लोग लहूलुहान हो चुके हैं। नसबंदी के बाद कुत्तों में टैग लगाए जाए। शिकायत के लिए एप बनाई जाए। वार्ड में पेड़ों की शाखाएं काटने, पार्काें में टूटे झूले बदलने, सेक्टर तीन की सड़क चौड़ी करने, बंद नालियां बहाल करने, सड़कों की टारिंग, नई पार्किंग बनाने, सेक्टर तीन और चार में सुलभ शौचालय का निर्माण करने के प्रस्ताव रखे गए। निगम की खाली जमीन पर इंडोर स्टेडियम, सामुदायिक केंद्र बनाने और जंगलों की तारबंदी करने की मांग भी उठी।