न आमसभा बुलाई न पीटीए का किया गठन
15 मार्च से पहले पीटीए गठित करने के दिए थे आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर के निजी स्कूल शिक्षा विभाग के आदेशों को नहीं मान रहे। नए शैक्षणिक सत्र को शुरू हुए दो माह से अधिक का समय हो चुका है लेकिन अभी तक महज एक ही स्कूल ने पीटीए का गठन किया है। शहर में करीब 15 निजी स्कूल हैं।
स्कूलों को आदेश दिए थे कि पीटीए का गठन कर इसका ब्योरा 15 मार्च से पहले शिक्षा विभाग को सौंपे। लेकिन शहर में अभी तक ऑकलैंड हाउस ब्वॉयज स्कूल ने ही आमसभा बुलाकर पीटीए का गठन किया है। अन्य निजी स्कूलों ने न तो आम सभाएं करवाई हैं और न ही पीटीए का गठन किया है। शिक्षा विभाग भी 5 दिसंबर 2018 को जारी निजी स्कूलों को तय लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत पीटीए गठन के आदेशों को लागू करवाने में नाकाम रहा है।
छात्र-अभिभावक मंच के संयोजक विजेंद्र मेहरा ने कहा कि कुछ निजी स्कूल ऑनलाइन पीटीए का गठन करने की बात कर गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय के 2014 में जारी आदेशों के अनुसार पीटीए का गठन सिर्फ आमसभा में अभिभावकों को बुलाकर सहमति से ही किया जा सकता है। शहर के निजी स्कूल सरेआम आदेशों की अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षा निदेशक से एक सप्ताह के भीतर सभी निजी स्कूलों को बाहरी सरकारी शिक्षण संस्थान से अधिकारी को बुलाकर पीटीए का गठन करवाने की मांग की है। वहीं दूसरी तरफ सरकारी स्कूलों में आम सभाएं कर पीटीए के गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली है।