प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने कहा कि भाजपा को अपने नेताओं पर भरोसा नहीं रहा है। कांग्रेस नेताओं के सहारे भाजपा प्रदेश में सरकार बनाना चाह रही है। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में प्रेस वार्ता में नरेश चौहान ने भाजपा पर लोकतंत्र की परंपराओं को खराब करने का आरोप लगाया। कहा कि कांग्रेस नेताओं को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पांच सालों में भाजपा ने प्रदेश में कोई भी विकास कार्य नहीं किया। सरकार के मंत्रियों और विधायकों की परफार्मेंस शून्य रही है।
कहा कि हिमाचल की जनता को कांग्रेस से उम्मीद है। कांग्रेस ने हर वर्ग को गारंटी दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बीते पांच साल में दी गई नौकरियों को लेकर श्वेतपत्र जारी करने की मांग की। कहा कि जिन राज्यों में चुनाव होते हैं, प्रधानमंत्री उनको अपना घर बना लेते हैं। प्रधानमंत्री की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। वे हिमाचल को शब्दों में ही अपना दूसरा मानते हैं।
चार्जशीट पर सत्ता में आते ही शुरू करेंगे कार्रवाई
नरेश चौहान ने कहा कि कांग्रेस की ओर से बनाई गई चार्जशीट पर सत्ता में आते ही कार्रवाई शुरू की जाएगी। भाजपा सरकार के सभी मंत्रियों और विधायकों का लेखाजोखा कांग्रेस ने तैयार कर लिया है।
राहुल गांधी सहित नए राष्ट्रीय अध्यक्ष भी करेंगे प्रचार
हिमाचल में चुनाव प्रचार के लिए राहुल गांधी और पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हिमाचल आएंगे। नरेश चौहान ने कहा कि राहुल गांधी से भारत जोड़ो यात्रा से कुछ समय निकाल कर हिमाचल आने को कहा गया है।