मंदिर अधिकारी एवं नायब तहसीलदार विजय कुमार ने बताया कि गर्भ ग्रह में पूजा-अर्चना करने को लेकर किसी भी प्रकार के निर्देश अभी जारी नहीं हुए हैं और पूजा-अर्चना करने को लेकर उन्हें कोई भी जानकारी नहीं है।
ऐतिहासिक शिव मंदिर के गर्भ गृह में एक पार्टी के विधायक और अन्य उच्च पदाधिकारियों की ओर से पूजा-अर्चना करने को लेकर सोशल मीडिया में बवाल खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया में मंदिर के गर्भ गृह में नेताओं की पूजा-अर्चना करने को लेकर डाली गई पोस्ट में कहा गया है कि कोविड काल में शिव मंदिर के गर्भ गृह में पूजा-अर्चना करने का अधिकार मात्र बड़े नेताओं को ही है या फिर एक आम आदमी भी पूजा-अर्चना कर सकता है।
विज्ञापन
पोस्ट में सरकार, मंदिर ट्रस्ट व प्रशासन से आम आदमी के लिए भी मंदिर के गर्भ गृह में पूजा-अर्चना करने की अनुमति देने का आग्रह किया गया है। सोशल मीडिया पर डाली गई इस पोस्ट में लोगों ने मंदिर के गर्भगृह आम आदमी के लिए भी खोलने का समर्थन किया है या फिर किसी भी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं होनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि गत शनिवार देर शाम को भाजपा के एक बड़े पदाधिकारी मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आए थे।
बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने मंदिर के गर्भ गृह में पूजा-अर्चना न करने के लिए भी कहा, लेकिन मंदिर ट्रस्ट के लोगों के आग्रह पर नेताओं ने मंदिर के गर्भ गृह में पूजा-अर्चना की। सोशल मीडिया पर डाली गई यह पोस्ट रविवार को खासा चर्चा का विषय बनी रही। उधर, इस संबंध में मंदिर अधिकारी एवं नायब तहसीलदार विजय कुमार ने बताया कि गर्भ ग्रह में पूजा-अर्चना करने को लेकर किसी भी प्रकार के निर्देश अभी जारी नहीं हुए हैं और पूजा-अर्चना करने को लेकर उन्हें कोई भी जानकारी नहीं है।