हिमाचल की मंडी रैली के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने सीएम वीरभद्र सिंह पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा हिमाचल में भाजपा के मुख्यमंत्रियों ने जनता के बीच अपने अच्छे काम की वजह से पहचान बनाई थी।
शांता कुमार जहां जनता को पानी की सुविधाएं देकर पानी देने वाले सीएम के नाम से जाने गए वहीं, प्रेम कुमार धूमल गांव गांव सड़क पहुंचाकर ग्रामीण जनता को सड़क सुविधाएं देने वाले सीएम के नाम से पहचाने गए।
इशारों में सीएम वीरभद्र सिंह पर निशाना साधते हुए हल्की मुस्कान के साथ पीएम ने कहा कि वर्तमान सीएम की क्या पहचान है, ये भी मुझे बतानी पड़ेगी क्या। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार राज्य सरकार को भारी बजट दे रही है। लेकिन इससे क्या काम किया, इसका हिसाब इस बार जनता चुनाव में जरूर मांगेंगी।
'हिमाचल को दिया इतना पैसा कि मांगने की जरूरत नहीं पड़ेगी'
पीएम मोदी ने कहा कि 14वें वित्त आयोग में हिमाचल को 21 हजार करोड़ रुपए आवंटित किए गए थे। वहीं, 15वें वित्त आयोग में इसे बढ़ाकर 72 हजार करोड़ रुपए कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार ने अपने खजाने से ये पैसा हिमाचल का भाग्य बदलने के लिए दिया गया है और मैं उम्मीद करता हूं कि यहां की सरकार और मुलाजिम इस पाई पाई का सही उपयोग करेंगे। आने वाले समय में हिमाचल लेने वाला नहीं बल्कि देने वाला राज्य बन जाएगा।
एलईडी बल्ब से ही हिमाचल का 350 करोड़ रुपए बचेगा
पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र में ऐसी सरकार बैठी है जो टॉयलेट बनाने की चिंता भी करती है और बड़े हाइड्रो प्रोजेक्ट को खड़ा करने की भी। अगर हमारी सरकार गांव में सड़क बनाने पर जोर दे रही है तो साथ में रेल के विस्तार की भी योजनाएं बन रही हैं।
पीएम ने कहा कि हमने एलईडी बल्ब का अभियान चलाया है। मैं यहां की सरकार से अनुरोध करुंगा कि इसे आगे बढ़ाने में गति लाई जाए। मोदी ने कहा कि हिमाचल 70 लाख की आबादी वाला राज्य है, यानि एक तरह से 10 लाख परिवार वाला प्रदेश। एलईडी के कारण यहां सालाना 350 करोड़ रुपए परिवारों की जेब में बचने वाला है।
मोदी जी ने इतना दिया जितना पहले कभी नहीं मिला-नड्डा
पीएम नरेंद्र मोदी का स्वागत करने के बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल और भाजपा नेता शांता कुमार ने पिछली यूपीए सरकार के पास बार बार जाकर हिमाचल को विशेष दर्जा देने की मांग उठाई थी लेकिन हर बार हाथ खाली ही रहे।
लेकिन मोदी सरकार के सत्ता में आते ही एकाएक हिमाचल को विशेष श्रेणी राज्य का दर्जा मिला और यहां के लोगों की सालों से लंबित पड़ी मांगें पूरी होने लगी। उन्होंने कहा कि यह मोदी सरकार ही है जिसके कारण हिमाचल के रेल बजट में रिकॉर्ड 360 फीसदी की वृद्घि हुई है।
पहले हमारे नेता हिमाचल के लिए तीन चार हाइवे लेकर अपनी पीठ थपथपाते थे लेकिन पीएम मोदी ने एकसाथ हिमाचल को 61 हाइवे का तोहफा दे दिया। यही नहीं कई मेडिकल कॉलेज और सुपरस्पेशियलटी की सुविधाएं भी अब हिमाचल के लोगों को मिल रही हैं।