सीएम ने सभी जिला उपायुक्तों को पुख्ता सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए। वहीं, सीमावर्ती क्षेत्रों में उपायुक्तों को स्कूलों में अवकाश के लिए परिस्थिति के अनुसार फैसला लेने के लिए कहा है। खाद्यान्न आपूर्ति, संचार, परिवहन, विद्युत आपूर्ति, आपदा प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा भी की। पुलिस अधीक्षकों को भी दिशा-निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार करने वालों पर भी कड़ी नजर रखने को कहा है। सीएम ने कहा कि प्रदेश का कुछ क्षेत्र भी बॉर्डर एरिया में आता है। कोई अनहोनी न हो, उसके लिए जागरूक रहना होगा।
भारत-पाक तनाव के बीच चिंतपूर्णी मंदिर में बढ़ाई चौकसी
भारत-पाक तनाव के बीच हिमाचल के शक्तिपीठों में पुलिस की ओर से चौकसी बढ़ा दी गई है। चिंतपूर्णी मंदिर में एकाएक श्रद्धालुओं की संख्या में कमी दर्ज की गई है। गुरुवार को चिंतपूर्णी थाना प्रभारी जयराम शर्मा खुद चिंतपूर्णी के साथ लगते सभी क्षेत्र की पेट्रोलिंग करते नजर आए। उन्होंने बताया कि बाहरी राज्यों से आ रहे श्रद्धालुओं के वाहनों की चेकिंग की जा रही है ताकि कोई संदिग्ध हिमाचल में ना आ जाए। चिंतपूर्णी पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि अगर किसी को कोई संदिग्ध वस्तु मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। थाना प्रभारी जयराम शर्मा ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पुलिस की चौकसी में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान ना दें।
पाकिस्तान में आतंकवाद को बदलने की नीति नहीं बदलती : त्रिलोक कपूर
भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर 140 करोड़ भारतीयों को यह नाम भी अच्छा लगा और भारतीय फौज ने जो काम किया वो काम भी अच्छा लगा। लेकिन आज उस आलोचना के बाद पूरा देश कह रहा हैं, थैंक यू मोदी जी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के घर में घुसकर तीन-तीन बार पाकिस्तान के तीन अलग-अलग प्रधानमंत्रियों को उनकी औकात दिखाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछली बार जब पाकिस्तान पर वार किया था तो पाकिस्तान और हमारे देश में कुछ लोगों ने मानने से इन्कार कर दिया था। लेकिन इस बार जब पाकिस्तान की तरफ से फौज कह रही है कि हम पर प्रहार हुआ है तो आज 140 करोड़ भारतीय पहलगाम को याद कर कह रहे हैं थैंक यू मोदी जी।