तस्करी मामले में सनसनीखेज खुलासे, दिल्ली के उत्तमनगर से करता था सप्लाई
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। पुलिस ने चिट्टा (हेरोइन) तस्करी मामले में एक हफ्ते के भीतर दूसरा पर्दाफाश कर दिल्ली से नाइजीरियन मूल के युवक को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान इकेचक्वे (23) उर्फ एलेक्स के तौर पर हुई है। नाइजीरिया का यह युवक दिल्ली में पढ़ाई करता है तथा उत्तमनगर क्षेत्र से चिट्टे की सप्लाई करता था। मंगलवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया। यहां से इसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
27 अगस्त को पुलिस टीम ने शोघी के पास से आरोपी मुनीश नेगी (29) और साहिब सिंह (31), संजौली निवासी से 9.54 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। पुलिस रिमांड में पता चला कि साहिब सिंह दिल्ली में एक अफ्रीकी नागरिक के संपर्क में है। इसके बाद पुलिस ने तस्कर को पकड़ने के लिए योजना बनाई। सोमवार दोपहर को टीम ने दिल्ली के उत्तमनगर क्षेत्र के चाइनिज जंक्शन के पास कमरे में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा। आरोपी से 27.23 ग्राम चिट्टा भी बरामद किया है। जांच के मुताबिक आरोपी नाइजीरियन प्रदेश के कई ड्रग पैडलरों के संपर्क में सालों से था और उन्हें चिट्टा बेचता था। डीएसपी हेडक्वार्टर कमल किशोर वर्मा ने बताया कि बालूगंज पुलिस, एसआईयू और साइबर सेल की टीम ने चिट्टे तस्करी के मामले का पर्दाफाश किया है। आरोपी नाईजीरियन से पूछताछ जारी है। मामले में पकड़े गए दो युवकों को पुलिस ने न्यायिक हिरासत पर भेज दिया है।