केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश में उड़ान योजना के तहत हवाई अड्डों व हेलीपोर्ट के उन्नयन व विकास के लिए बीते दो सालों में 213 करोड़ 52 लाख रुपये आवंटित किए हैं। इस राशि में से अब तक 160 करोड़ 48 लाख रुपये खर्च हुए हैं। केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार की ओर से संसद में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि उड़ान योजना के तहत राज्य में अब तक दो हवाई अड्डों व दो हेलीपोर्ट का प्रचालन किया जा चुका है। इस योजना के शुरू होने से अब तक प्रदेश में 30 आरसीएस मार्गों का परिचालन किया जा चुका है। मंत्री ने बताया कि संजौली और बद्दी में हेलीपोर्ट का विकास कार्य प्रगति पर है, जबकि मनाली मे हेलीपोर्ट नियोजन स्तर पर है। उन्होंने कहा कि हेलिकॉप्टर मार्गों के लिए लॉन्च की गई उड़ान योजना-5.1 के तहत चंबा, पालमपुर, रक्कड़ और रिकांगपिओ में चार नए हेलीपोर्ट चिह्नित किए गए हैं।