कश्मीर के विद्यार्थियों ने एचपीयू शिमला में प्रवेश से संबंधित हर जानकारी हासिल की। छात्रों ने विवि के माहौल की तारीफ की और कहा कि कश्मीर और एचपीयू का माहौल एक जैसा है। यहां के लोग भी एक जैसे हैं। इसलिए उनकी इच्छा है कि वे यहां पढ़ाई करें। भारत सरकार की सद्भावना योजना में कश्मीर के 40 कॉलेज विद्यार्थियों ने विवि कैंपस शिमला का दौरा किया।
सेना के मेजर सुरजीत सिंह की अगुवाई में विवि पहुंचे इन विद्यार्थियों ने विवि के हर विभाग में जाकर वहां दी जा रही सुविधाओं और विभागों में चल रही शोध गतिविधियों के साथ ही पुस्तकालय भवन, कुलपति कार्यालय, प्रशासनिक भवन आदि का दौरा किया। यहां हर विभाग में चल रहे कोर्स से संबंधित जानकारी जुटाई और अपने विचार साझा किए।
विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. कमलजीत सिंह के कार्यालय में इन छात्र छात्राओं के साथ करीब डेढ़ घंटे का इंटरेक्शन सेशन हुआ, जिसमें इन विद्यार्थियों ने विवि को पसंद किया और यहां पढ़ाई करने की इच्छा जताई। प्रो. कमलजीत सिंह ने उनको बताया कि विवि में प्रवेश की प्रक्रिया जल्द शुरू हो जाएगी, जो पूरी तरह से ऑनलाइन है। इसमें कश्मीरी छात्रों के लिए दिए जाने वाले आरक्षण के अलावा पात्रता शर्ताें के बारे में भी बताया। फीस सहित तमाम सवालों के जवाब भी दिए।