पीओके में भारत की सर्जिकल कार्रवाई को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अच्छा कदम बताया है। उन्होंने कहा कि पाक से आतंकी भारत में हमला करते हैं। ऐसे में जवाबी कार्रवाई करते हुए भारतीय सेना ने पीओके में आतंकी शिविर पर हमला किया है। इसमें आतंकी मारे गए हैं। पाक का कोई आम नागरिक हताहत नहीं हुआ है।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने चंगर विधानसभा क्षेत्र जयसिंहपुर में दो दर्जन सभाएं की। शिवनगर में अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल और विपक्ष की ओर से सरकार पर पिछले दरवाजे से नौकरियां देने का आरोप सरासर गलत है। धूमल कोई भी एक मामला साबित करके बताएं कि प्रदेश सरकार ने बैकडोर से नौकरियां दी हों।
उन्होंने कहा कि सरकार बैकडोर से नौकरियां कैसे दे सकती है। लोक सेवा आयोग और हमीरपुर अधीनस्थ चयन सेवाएं बोर्ड में पूरी पारदर्शिता बरतने के बाद ही योग्य उम्मीदवार को नौकरी मिलती है। प्रेम कुमार धूमल को तो दिनदहाड़े बिना भगवान की परवाह किए झूठ बोलने पुरानी की आदत है।
विक्रमादित्य सिंह के टिकट आवंटन का अधिकार केंद्र के बजाय राज्य के पास ही होने की बात पर उन्होंने कहा कि टिकट राज्य और राष्ट्रीय नेतृत्य मिलकर ही तय करते हैं।
अभी मैं जवान हूं, संन्यास का इरादा नहीं
आगामी विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अपने नेतृत्व में ही करवाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मैं अभी जवान हूं और संन्यास लेने का उनका कोई इरादा नहीं है। आगामी विधानसभा चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी मैंने संन्यास लेने की घोषणा नहीं की है।